http://garhwalbati.blogspot.com
नारायणबगड़ ब्लॉक के लोदला गांव में देर रात्रि एक आवासीय मकान में बिजली के शॉट सर्किट के कारण आग लग गयी। इससे नौ कमरों का मकान व वहां रखा सारा सामान स्वाहा हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रात: चार बजे जैसे ही गांव के महिपाल सिंह ने देखा की उनके आवासीय भवन के समीप रणवीर सिंह के आवासीय मकान धूं-धू कर जल रहा तो उन्होंने गांव में जाकर लोगों को जानकारी दी। इस पर कई ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्र हुए और मकान से बेहोशी की हालत में 65 वर्षीय वृद्धा सतेश्वरी देवी को बाहर निकाला, जबकि ग्रामीण गंभीर सिंह व लखपत सिंह ने किसी तरह मासूम बच्चों को बाहर निकाला। आग को बुझाने का काफी प्रयास किया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और पूरा मकान आग की चपेट में आ गया। प्रभावित परिवार की मुखिया 65 वर्षीय महिला सतेश्वरी देवी ने बताया कि आग से मकान में रखा सामान खाद्य सामग्री, महत्वपूर्ण दस्तावेज, जेवरात जलकर राख हो गये हैं। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय पटवारी ने मौके पर जाकर मौका मुआयना किया। ग्राम प्रधान लीला देवी ने अग्निकांड से प्रभावित परिवार को समुचित राहत राशि दिये जाने की मांग उठायी है।
खाक हुआ आशियाना
प्रभावित परिवार की मुखिया सतेश्वरी देवी रूआंसी होते हुए बताती हैं कि उनके चारों बेटे फौज व अन्य प्राइवेट नौकरी करते हैं। बड़ी मुश्किल से उन्होंने गांव में रहने के लिए मकान बनाया था, लेकिन पलभर में उनका आशियाना धूं-धूं कर समाप्त हो गया।
in.jagran.yahoo.com se sabhar