Movie Download

Ghaur Bati Search

image ad

Chitika

Tuesday, April 19, 2011

कालाढूंगी काण्ड दीपाली कन्याल पहुंची राजभवन

 देहरादून 19 अप्रैल,2011 नैनीताल जनपद के कोटाबाग विकासखण्ड की ब्लाक प्रमुख श्रीमती दीपाली कन्याल ने आज राज्यपाल श्रीमती मार्ग्रेट आल्वा से मुलाकात कर अपने पति स्व0 बलवंत सिंह कन्याल, जिनकी 22 अगस्त, 2009 को  कालाढूंगी में एक घटना में मृत्यु हुई थी, की सी.बी.आई. जॉच कराके न्याय दिलाये जाने की मांग की है।

मोटेश्वर महामंदिर में शिवलिंग का श्रंगार किया

काशीपुर: पाताल में शिव के ही रूप देवता हाटकेश्वर की जयंती के उपलक्ष्य में रविवार रात नगर के प्रमुख मोटेश्वर महामंदिर में शिवलिंग का श्रंगार किया गया। इस दौरान खासी तादाद में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की।

मोटेश्वर महादेव मंदिर के पुजारी राघेंद्र नागर ने बताया कि पाताल देवता भीम शंकर का हाटकेश्वर के रूप में त्रियोदशी पर उदगम हुआ था। उन्होंने आकाशे तारकेश्वर, पाताले हाटकेश्वर व भूलोके महाकालम श्लोक पर कहा कि गुजरात में भीम शंकर महादेव का मंदिर है।

मस्जिद से इमाम को हटाने के विवाद में दो पक्ष आपस में भिड़ गए

काशीपुर : मस्जिद से इमाम को हटाने के विवाद में दो पक्ष आपस में भिड़ गए। इस दौरान हुई फायरिंग से दहशत फैल गई। दोनों पक्षों ने कोतवाली में तहरीर दी है।

जानकारी के अनुसार मौहल्ला खालसा स्थित बरेलवी फिकरा की गोसना मस्जिद के इमाम ने 20 तारीख को आयोजित देवबंदी फिरका के एक कार्यक्रम को सफल बनाने की मस्जिद से एलान कर दिया। जिसका मौहल्ले वालों ने विरोध किया। इसके चलते बीते शनिवार को इमाम को मस्जिद से हटा दिया। साथ ही कमेटी भी बर्खास्त कर दी। बीती देर रात्रि देवबंदी बिरादरी के लोगों ने मस्जिद पहुंचकर इसका विरोध किया। दोनों बिरादरी के लोगों के एकत्र होने पर हंगामा शुरु हो गया। इस पर किसी ने हवाई फायर झोंक दिया। फायरिंग से हड़कंप मच गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए तहरीर सौंप दी। समाचार लिखे जाने तक समझौते के प्रयास जारी थे। उधर, कोतवाल आरएस असवाल ने फायरिंग की घटना से इंकार किया है।

Monday, April 18, 2011

स्टेशनरी बाजार में चाइनीज उत्पादों की पकड़ मजबूत

देहरादून। खेल-खेल में बच्चों को पढ़ाई का मजा मिलेगा। स्टेशनरी बाजार ने इस बार खास तरह के पेन, पेंसिल, रबर, शार्पनर और टिफिन बॉक्स बाजार में पेश किए हैं। अभिभावकों के साथ कॉपी-किताब लेने जा रहे बच्चे इनकी जमकर खरीदारी कर रहे हैं।
स्टेशनरी बाजार में चाइनीज उत्पादों ने अपनी पकड़ इस बार और मजबूत कर ली। बच्चे नटराज व कैमिल की पेंसिल, रबर व मोंटेक्स, लिंक आदि कंपनियों के पेन या ज्यॉमेट्री बॉक्स पसंद नहीं कर रहे। चाइनीज उत्पादों ने इस बार स्टेशनरी की जो श्रंखला बाजार में उतारी है, उसे देखकर बच्चे खूब आकर्षित हो रहे हैं। सस्ते दाम में इन उत्पादों का बेहतर लुक और डिजाइन बच्चों को पढ़ाई के साथ खेल का मजा भी दिलाएगा। चाइनीज उत्पादों में कई रंगों की रिफिल वाला पेन, छाता व बैटनुमा पेंसिल और वीडियोगेम वाला ज्यॉमेट्री बॉक्स पहली पसंद है। कम दाम में उपलब्ध यह स्टेशनरी शहर की ज्यादातर दुकानों में उपलब्ध है।
यही नहीं, बच्चों के बस्ते और कॉपी किताबों के लिए बेहतर स्टीकर और कवर भी उपलब्ध हैं। पांच रुपये से लेकर 20 रुपये तक बेहतर शिक्षा सामग्री खरीदी जा सकती है। हालांकि टिफिन और पेंसिल बॉक्स वीडियोगेम की कीमत पर निर्भर हैं। मोतीलाल नेहरू रोड स्थित स्टेशनरी विक्रेता राकेश कुमार ने बताया कि चाइनीज पेन पेंसिल की लिखावट भी बेहतर है और कम दाम में होने से बच्चे इसे तरजीह दे रहे हैं।

पुरानाथल संघर्ष समिति ने दी आंदोलन की चेतावनी

पिथौरागढ़। तहसील के पुरानाथल क्षेत्रवासी सडक़, पेयजल सहित तमाम मूलभूत समस्याओं से जूझ रहे हैं। लंबे समय से मांग उठाने के बाद भी शासन प्रशासन द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इससे खिन्न क्षेत्रवासियों ने आंदोलन छेडऩे की चेतावनी दी है।
इस संबंध में मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में पुरानाथल क्षेत्र के लोगों ने कहा है कि गराऊं से बनी पेयजल योजना रखरखाव के अभाव में ध्वस्त पड़ी है। बेरीनाग, गढतिर, पुरानाथल, तड़ीगांव मोटर मार्ग में डामरीकरण नहीं होने से सडक़ों पर गड्ढे बने हैं। टेंडर डालने के बाद भी पुल का निर्माण नहीं किया जा रहा है। इसके चलते बेरीनाग सहित मुवानी और तड़ीगांव के लोगों को मुश्किलें उठानी पड़ रही हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि पूर्व मुख्यमंत्री बीसी खंडूड़ी ने क्षेत्र के एक पुल का शिलान्यास किया था। लेकिन आज तक यह पुल नहीं बन पाया है। क्षेत्रवासियों ने उक्त सभी समस्याओं का समाधान पन्द्रह दिन के भीतर किए जाने की मांग की है। यदि मांग पूरी नहीं की जाती है तो इसके खिलाफ आंदोलन छेड़ा जाएगा।







आधा दर्जन से अधिक महिलाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज

काशीपुर : रेलवे स्टेशन पर कोयले की रैक उतारने का आवास विकास की महिलाओं द्वारा विरोध करने के मामले में रेलवे पुलिस ने आधा दर्जन से अधिक महिलाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

आवास विकास के लोग रेलवे स्टेशन पर कोयले की रैक उतरने का विरोध कर रहे थे। कई बार स्टेशन प्रबंधक को ज्ञापन सौंपने के बाद भी कार्रवाई न होने पर बीते 10 अप्रैल को इलाके की महिलाओं ने कोयले की रैक उतार रहे मजदूरों को लाठी-डंडों से खदेड़ दिया था। इस दौरान महिलाओं ने मालगोदाम प्रबंधक के कार्यालय का भी घेराव किया था। इस घटना पर आरपीएफ ने आठ-दस अज्ञात महिलाओं के खिलाफ धारा 145, 146 रेलवे एक्ट न्यूसेंस व सरकारी कार्य में बाधा डालने का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

मां का डोला कड़ी सुरक्षा के बीच नगर मंदिर पहुंचा

उज्जैनी शक्तिपीठ मां बाल सुंदरी देवी मंदिर से सोमवार की तड़के सुबह मां का डोला कड़ी सुरक्षा के बीच नगर मंदिर पहुंचा। उधर, मेले में बीती रात्रि बरसात के बाद भी खासी तादात में दुकानें सजी हैं। अन्य दिनों की अपेक्षा सोमवार दिन में गहमागहमी कम रही।

विदित हो कि पहली नवरात्र को चैती मेले का विधिवत शुभारंभ किया गया था। इधर 11 अप्रैल की मध्य रात्रि को मंा बाल सुंदरी का डोला चैती मेला परिसर स्थित मंदिर आते ही मेला यौवन पर आ गया था। रविवार की रात्रि करीब 12 बजे से पूजा-अर्चना, पूर्णाहूति के बाद करीब साढ़े तीन बजे मुख्य पंडा विकास अग्निहोत्री मां के डोले को लेकर नगर मंदिर को रवाना हुए। भारी सुरक्षा के बीच तड़के सुबह मां का डोला नगर मंदिर पहुंचा। मेला प्रबंधक पंडा अजय अग्निहोत्री ने बताया कि 22 अप्रैल को कवि सम्मेलन की तैयारी की जा रही है। जबकि संस्कृत पाठशाला के शिलान्यास की भी तैयारी जारी है। उधर, रविवार की रात्रि तेज हवा के साथ बरसात से व्यापारियों को खासी मशक्कत करनी पड़ी।

आइआइएम काशीपुर प्रवेश प्रक्रिया तीन अप्रैल से आरंभ कर दी गयी है


मानव संसाधन विकास मंत्रालय भारत सरकार के डायरेक्टर मैनेजमेंट प्रवीण अग्रवाल ने कहा कि 15 जून तक आइआइएम के अस्थाई भवनों का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। साथ ही 29 अप्रैल के शिलान्यास कार्यकम की तैयारियों पर अधिकारियों से जानकारी ली। इसके बाद वैकल्पिक भवनों व शिलान्यास स्थल का निरीक्षण किया।

अग्रवाल ने रविवार को आइआइएम के अस्थाई प्रशासनिक भवन के रुप में तैयार हो रहे गन्ना आयुक्त भवन के सभागार में आइआइएम के नवनिुयक्त अधिकारियों, कार्यदायी सस्था, स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक ली। इसमें वैकल्पिक भवनों को तैयार कर रहे यूपी राज्य निर्माण निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर सीके सकलानी से तैयारियों की जानकारी ली। बताया गया कि 15 जून तक कार्य पूरा हो जाएगा।

बैठक के बाद पत्रकार वार्ता में डायरेक्टर मैनेजमेंट अग्रवाल ने कहा कि वैकल्पिक भवनों में तथा हास्टल में 104 लाख, प्रशासनिक भवन में 39 लाख, बिजली में 109 व कक्षा कक्ष में 39 लाख रुपये खर्च होंगे। कहा कि 75 दिन की कार्ययोजना बनी है। बताया कि स्थाई भवन तैयार होने में चार-पांच वर्ष लग सकते हैं। उन्होंने कार्यदायी संस्था से वैकल्पिक भवनों के कार्य के इस्टीमेट की रिपोर्ट दिल्ली देने का निर्देश दिया। इस बीच अवगत कराया गया कि 10.50 लाख से सौ केवी जनरेटर भी क्रय किया जाएगा।

इस दौरान प्रदेश शासन के राज्य सरलीकरण इकाई के डिप्टी डायरेक्टर अवनीश जैन, आइआइएम काशीपुर के प्रशासनिक अधिकारी कर्नल कर्नल धीरज उपाध्याय, प्रशासनिक व लायजनिंग अधिकारी उदय कुमार सिंह, राजकीय पालीटेक्निक प्राचार्य आरपी गुप्ता, एसडीएम सुरेंद्र सिंह जंगपांगी, राज्य से आइआइएम ओएसडी एसके वर्मा आदि अफसर मौजूद थे।

प्रवेश प्रक्रिया शुरु

काशीपुर : आइआइएम लखनऊ ही वर्तमान में काशीपुर आइआइएम के प्रथम सत्र में 60 छात्र व 8 छात्राओं के लिए केट 2010 की परीक्षा से प्रवेश की प्रक्रिया को पूरा कराएगी। मानव संसाधन विकास मंत्रालय, डायरेक्टर मैनेजेमेंट प्रवीण अग्रवाल ने इसके लिए प्रवेश प्रक्रिया तीन अप्रैल से आरंभ कर दी गयी है। जुलाई पहले सप्ताह तक प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।


काशीपुर : झोड़ा-चांचरी की धूम

काशीपुर : चैत्र माह में पर्वतीय समाज की झोड़ा-चांचरी का नगर के कुमाऊं कालोनी में गायन की धूम रही। कुमाऊं कालोनी में पर्वतीय समाज के पूर्व उपाध्यक्ष डूंगर सिंह रौतेला के आवास पर सर्व प्रथम गुड़ तिल का वितरण किया गया। इसके उपरांत गंगा सिंह अधिकारी ने गौरी गंगा भागीरथी को केभल रिवाड़ बालों से झोड़ों का शुभारंभ किया। इसके बाद इंद्र सिंह राणा ने- चौकोटे की पार्वती। एमडी शर्मा ने-दीवानी लौडा द्वारहाटो। गौरी शंकर पाठक ने- ओ दरि हिमाला दरी से समा बांधा। इस दौरान दिनेश रौतेला, दिनेश जोशी, दीवान बिष्ट, प्रकाश भट्ट, एच बवाड़ी, भूपेंद्र रौतेला, पीएस मेहरा, तारादत्त, आन सिंह अधिकारी, हयात सिंह, कैलाश रौतेला, दीवान सिंह बिष्ट, भुवन उपाध्याय, भैरव दत्त मौजूद थे।

काशीपुर:रेलवे स्टेशन में कोयले कर रैक उतारने के मामले में एसडीएम को ज्ञापन

काशीपुर:रेलवे स्टेशन में कोयले कर रैक उतारने के मामले में आवास विकास के दर्जनों लोगों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर धारा 133, 144 के तहत मंडल रेल प्रबंधक को न्यूसेंस रुकवाने के लिए आदेशित करने की मांग की। रविवार को पालिका सभारद राजकुमार सेठी के नेतृत्व में आवास विकास के दर्जनों लोग एसडीएम आवास पर एकत्र हुए। लोगों ने कहा कि पिछले काफी समय से आवास विकास की नई व पुरानी घनी आबादी के पास रेलवे स्टेशन पर कोयले की रैक उतारकर डंपरों से लदान किया जा रहा है। इससे लगभग 20 हजार की आबादी प्रभावित हो रही है। साथ ही क्षेत्र में स्थित स्कूल के बच्चों के स्वास्थ्य पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। जिसके लिए मंडल रेल प्रबंधक इज्जतनगर मुख्य रुप से उत्तरदायी है। लोगों ने एसडीएम सुरेंद्र सिंह जंगपांगी को ज्ञापन सौंपकर शक्तियों का उपयोग करते हुए धारा 133 व 144 के अंर्तगत मंडल रेल प्रबंधक को न्यूसेंस रुकवाने के आदेश देने व उल्लघंन करने पर मुकदमा दर्ज कराने की मांग की।
Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...