Movie Download

Ghaur Bati Search

image ad

Chitika

Monday, July 5, 2010

साक्षी के साथ माही ने लिए सात फेरे

विकास गुसाई/अंकुर अग्रवाल। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धौनी रविवार की शाम यहां अपनी मंगेतर साक्षी सिंह रावत के साथ सात फेरे लेकर परिणय सूत्र में बंध गये। इससे दून के नाम एक और कीर्तिमान जुड़ गया। शहर से करीब पच्चीस किलोमीटर दूर एक खूबसूरत रिजार्ट में वैदिक परंपराओं और कुमाऊंनी रीति-रिवाज के साथ विवाह की सभी रस्में पूरी हुई। बेहद गोपनीय ढंग से हुए इस समारोह में धौनी और साक्षी के परिजनों के साथ ही सिने स्टार जॉन अब्राहम, क्रिकेटर व धौनी के करीबी मित्र आरपी सिंह, सुरेश रैना, आशीष नेहरा, प्रवीण कुमार, पेप्सी की सीईओ इंदिरा नूई व कुछ अन्य नजदीकी मित्र शरीक हुए। फिल्म, खेल और उद्योग जगत की उन हस्तियों, जो कारणवश समारोह में नहीं आ पाए ने अलग-अलग माध्यमों से नव विवाहित जोड़े को बधाईयां भेजीं।
मूल रूप से उत्तराखंड के जनपद अल्मोड़ा रहने वाले महेंद्र सिंह धौनी और साक्षी रावत की शनिवार को सगाई हुई थी। सगाई की तरह रविवार को विवाह समारोह से भी मीडिया को पूरी तरह दूर रखा गया। शहर से 25 किलोमीटर दूर लोअर कंडोली स्थित घने जंगल के बीच विश्रांति रिजार्ट में यह समारोह आयोजित किया गया। यहां मेहमानों के बैठने के लिए बाकायदा दो बड़े वातानुकूलित पंडाल तैयार किए गए थे। जिन्हें शानदार लाईटिंग व रंग-बिरंगे फूलों से सजाया गया। मेहमानों के स्वागत के भी खास इंतजाम किए गए।
रिजार्ट में सुबह से ही मेहमानों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था, जो देर शाम तक चला। करीब सवा आठ बजे घुड़चढ़ी की रस्म हुई। इस दौरान धौनी ने घोड़ी पर बैठकर रिजार्ट के ग्राउंड का एक चक्कर लगाया। रात करीब नौ बजे धौनी व साक्षी ने एक दूसरे को जयमाला पहनाई। मेहमानों से तालियों की गड़गड़ाहट से उनका स्वागत किया।
सूत्रों के अनुसार धौनी ने काले रंग की चमकदार शेरवानी पहनी थी। उस पर गुलाबी रंग का साफा डाला हुआ था। उनके सेहरे पर सफेद मोती व लाल गुलाब जड़े हुए थे। उनकी दुल्हन साक्षी गुलाबी रंग के लहंगे में सजी हुई थी, जबकि सभी बारातियों ने पीले रंग की पगड़ी पहनी थी।
जयमाला की रस्म के बाद दूल्हा-दुल्हन ने पहले धौनी के और फिर साक्षी के माता-पिता के पांव छूकर आशीर्वाद लिया। फिर डीआईजी व बड़ी बहन अभिलाषा व जीजा कुमार विश्वजीत से। इसके बाद बाकी नाते-रिश्तेदारों से आशीष लिया। हालांकि शादी के मंडप में डांस फ्लोर नहीं बनाया गया था, लेकिन खुशी के इस मौके पर धौनी के क्रिकेटर मित्र आरपी सिंह और सुरेश रैना खुद को नहीं रोक पाए। उनके साथ ही फिल्म अभिनेता जान अब्राहम, डीआईजी अभिलाषा बिष्ट और साक्षी की मौसेरी बहन पूर्णिमा ने जयमाला के बाद डांस भी किया। पांडाल में पूरे वक्त हिंदी व अंग्रेजी गाने लाइट म्यूजिक के साथ बजते रहे।
रात करीब 11:30 बजे विवाह मंडप में फेरों की रस्म शुरू हुई, जो 12:20 बजे तक चली। परिजनों व मेहमानों ने फूल बरसा कर दूल्हा-दुल्हन को शुभाशीष दिया। समारोह में मेहमानों की संख्या बेहद सीमित रखी गई थी। कुल मिलाकर 60 से 65 लोग ही इस दावत में बुलाए गए थे। इनमें धौनी के माता-पिता, चाचा, भाई-बहन और मामा के साथ ही करीब 25 लोग और कन्या पक्ष से साक्षी के माता-पिता, दादा, मामा-मामी, बहन-जीजा तथा चुनिंदा सहेलियां ही शामिल थीं।
इस मौके का गवाह बनने वाली प्रमुख हस्तियों में फिल्म अभिनेता व माही के करीबी दोस्त जॉन अब्राहम, क्रिकेटर आरपी सिंह, सुरेश रैना, आशीष नेहरा आदि भी शामिल थे। बीसीसीआई अध्यक्ष शशांक मनोहर, क्रिकेटर हरभजन सिंह व फिल्म निर्देशक फराह खान के भी समारोह में आने की चर्चा रहीं, हालांकि उनके समारोह में पहुंचने की किसी ने पुष्टि नहीं की।
इससे पहले सुबह 8.30 बजे साक्षी के दादा पूर्व आईएफएस मनोहर सिंह के 11 नेमी रोड स्थित आवास पर परिजनों, करीबी रिश्तेदारों व मित्रों की मौजूदगी में दुल्हन की हल्दी-हाथ की रस्म पूरी हुई। रात्रि 12:30 बजे मेहमानों के लौटने का सिलसिला शुरू हुआ। विवाह स्थल के बाहर दो किलोमीटर के दायरे तक सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे। वहां किसी को फटकने भी नहीं दिया गया। धौनी के प्रशंसक और देशभर का मीडिया पूरे समय वहीं डटा रहा।
सुबह सात बजे होगी विदाई
रविवार रात परिणय सूत्र में बंधे महेंद्र सिंह धौनी की बारात की विदाई सोमवार सुबह सात बजे होगी। नव दंपती यहां से दिल्ली के लिए रवाना होंगे, वहां से उनका रांची जाने का कार्यक्रम है। पुलिस के एक आला अधिकारी ने इसकी पुष्टि की

http://garhwalbati.blogspot.com

No comments:

Post a Comment

thank for connect to garhwali bati

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...