Saturday, June 4, 2011
जानलेवा होता कर्णप्रयाग के ग्रामीण अंचलों का मोटर मार्ग।
भ्रष्टाचार और विदेशों में जमा काले धन को वापस लाने की मांग को लेकर बाबा रामदेव का अनशन शुरू
पहले बाबा रामदेव ने कहा था कि सात-आठ हजार लोग उनके साथ अनशन करेंगे, लेकिन रामलीला मैदान से मिल रही खबरों के मुताबिक उनके समर्थकों की संख्या इससे बहुत ज्यादा है।
एक अनुमान के अनुसार इस वक्त लगभग 30 हजार लोग रामलीला मैदान में मौजूद हैं, और लोगों के आने का सिलसिला जारी है। कई लोग अपने बिस्तर, तकिया, और खाने-पीने के सामान के साथ रामलीला मैदान पहुंचे हैं।
इतनी तादाद में लोगों के आने के कारण सुरक्षा को लेकर भी चिंताएं बढ़ गई हैं। रामदेव के साथ साध्वी ऋतंभरा के अलावा सिख, जैन और मुस्लिम समुदाय के कई धार्मिक नेता और रामलीला मैदान में हजारों की संख्या में जमा बाबा के समर्थकों ने भी अनशन की शुरूआत की।
अनशन शुरू करने से पहले बाबा रामदेव ने भजन और योग सत्र का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने अपने समर्थकों से कहा कि यह विरोध प्रदर्शन देश को भ्रष्टाचार से बचाने और गरीबों को बेहतर जीवन देने के लिए है।
भगवा वस्त्र पहने बाबा रामदेव सुबह चार बजकर 50 मिनट पर मंचासीन हुए। उन्होंने विदेशों में जमा काले धन को स्वदेश वापस लाने की माग पर अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा कि कुछ असंभव नहीं हैं। सब कुछ संभव है और हम जरूर जीतेंगे।
गौरतलब है कि योगगुरु रामदेव को अनशन से रोकने की सरकारी कोशिशें नाकाम रहीं। तीन केंद्रीय मंत्रियों के साथ पांच घंटे की मैराथन बैठक और सरकार की तरफ से लिखित मसौदे के बावजूद दोनों पक्षों में बात मुकाम तक नहीं पहुंच सकी। कई मुद्दों पर सहमति बनी, लेकिन विदेशों में जमा काले धन पर अध्यादेश लाने समेत कुछ मसलों पर सरकार के रुख को बाबा ने नाकाफी बताकर अनशन रद करने का आग्रह खारिज कर दिया। बैठक से निकलते ही बाबा ने सरकार के प्रस्ताव से असंतुष्टि जताई और शनिवार से सत्याग्रह का एलान कर दिया।
सरकार ने एक दिन में सभी मुद्दों पर निपटारा असंभव बताया और बातचीत को सार्थक बताते हुए कहा कि अभी स्वामी जी से बात जारी रहेगी। उम्मीद है कि देर रात या तड़के रामदेव के साथ सरकार के मंत्रियों की एक चरण और वार्ता हो। रामदेव ने भी वार्ता से इंकार नहीं किया और अपने समर्थकों से शांति और अनुशासन की अपील करते हुए कहा कि बातचीत बहुत अच्छी हो रही है, लेकिन कुछ मुद्दों पर निर्णायक मोड़ तक बात पहुंचना बाकी है।
हालांकि उन्होंने एक शर्त रख दी है कि अब वह बातचीत करने कहीं नहीं जाएंगे। उन्होंने एलान किया कि मांगे न माने जाने तक वह रामलीला मैदान से हिलेंगे नहीं।
इस बीच प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने राष्ट्रपति प्रतिभा देवी सिंह पाटिल से मुलाकात कर उन्हें रामदेव प्रकरण पर भी जानकारी दी। खास बात है कि जहां अनशन टलवाने की निर्णायक वार्ता असफल होने के बावजूद सरकार खासी सतर्क है, वहीं बाबा रामदेव के सुरों में भी सरकार के प्रति तल्खी नहीं है। राजधानी के एक होटल में करीब पांच घंटे तक केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल, पवन बंसल और सुबोधकांत सहाय की बाबा के साथ वार्ता हुई। बैठक के बाद रामदेव राजघाट गए और वहां से रामलीला मैदान में अपने समर्थकों के बीच सरकार की तरफ से पेश किया गया समझौता पढ़ा। चार बार सरकार की तारीफ भी की, लेकिन कुछ मुद्दों पर सहमति हुए बगैर सत्याग्रह और अनशन से पीछे न हटने का संकल्प लिया।
वहीं तीनों मंत्री पहले वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी से मिले। इसके बाद उन्होंने प्रधानमंत्री को पूरी जानकारी दी। सूत्रों के मुताबिक, काले धन पर अध्यादेश लाने और कुछ मसलों पर समयसीमा और सजा तय करने की मांगों को मानने में सरकार के सामने दिक्कत है। बातचीत के दौरान सिब्बल ने बाबा से कहा भी कि एक ही दिन में सारी बातें मानना मुश्किल है।
रामदेव ने कहा कि मैं आज सभी मुद्दों पर बात नहीं करूंगा। एक साजिश थी मगर वह विफल हो गई। वह साजिश क्या थी उसके बारे में मैं आज नहीं कहूंगा। उसके बारे में मैं सही समय आने पर बोलूंगा।
उन्होंने कहा कि इस प्रदर्शन से भारत को क्या हासिल होगा? भारत अब बच जाएगा। इससे लोगों को सुविधा मिलेगी कि वे सभी सरकारी 'प्रोफेशनल कॉलेजों' में अपनी मातृभाषा में पढ़ाई कर सकेंगे।
बाबा रामदेव के साथ मंच पर बैठी साध्वी ऋतंभरा ने वहा जमा लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि अगर वल्लभ भाई पटेल जैसे अन्य लोग होते तो संन्यासियों को सत्याग्रह करने की जरूर नहीं होती।
रामदेव ने बड़े ही खुशमिजाज अंदाज में अपने समर्थकों से बात करते हुए कहा कि इस अनशन से उन्हें सिर्फ दो दिनों में लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि हमारे मोटे भाई और मोटी बहनों को इस सत्याग्रह से स्वास्थ्य लाभ होगा और देश को धन का। जब एक समर्थक ने बाबा को 11 लाख रुपये का चेक दिया तो उन्होंने मजाक करते हुए कहा कि तस्वीरें ले लीजिए यह काला धन नहीं है।
रामलीला मैदान में किसी तरह की अवाछित घटना से बचने के लिए वहा बड़ी संख्या में पुलिस बलों के साथ-साथ त्वरित कार्य बल की महिला कर्मियों को भी तैनात किया गया है। रामलीला मैदान में प्रवेश करने वालों की तलाशी भी ली जा रही है।
काले धन को वापस लाने और देश में भ्रष्टाचार के खिलाफ बाबा रामदेव की हर बात पर उनके समर्थकों ने जमकर तालिया बजाईं। रामलीला मैदान में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के लोग भी अपने परिधान में मौजूद थे।
बाबा रामदेव ने जैसे ही अनशन जारी रखने का एलान किया, रामलीला मैदान भारत माता की जयकार से गूंज उठा। ऐसा लगा मानो अनशन जारी रखने के फैसले मात्र से बाबा की जीत हो गई हो। तमाम स्त्री-पुरुष खुशी से झूमने-नाचने लगे। अनशन स्थल विशालकाय मेले में तब्दील हो गया है।
सफाई-सुरक्षा के इंतजाम
नगर निगम की तरफ से सौ सफाईकर्मी और कूड़ा उठाने के लिए 15 ट्रक लगाए गए हैं। कई एंबुलेंस भी खड़ी कर दी गई हैं। बाबा के समर्थकों को मच्छरों से बचाने के लिए फागिंग के भी इंतजाम हैं। एक मिनी अस्पताल भी तैयार हो गया हैं। यहां ऑक्सीजन सिलेंडर से लेकर इलाज के सभी जरूरी उपकरण हैं। सुरक्षा के कड़े प्रबंध के लिए जहां भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है वहीं खाने पीने, सोने, शौचालय आदि की भी व्यवस्था हो गई है। यहां आने वाले लोगों के लिए बाबा की टीम ने भी पुख्ता प्रबंध किए हैं। सुरक्षा जांच के बाद अनशन समर्थक अपने-अपने राज्यों के स्टॉल पर पहुंच कर रजिस्ट्रेशन कराते हैं। ऐसे लोगों की संख्या पांच हजार तक पहुंच चुकी है।
समर्थकों में छात्र और विधायक भी
बाबा के स्वयंसेवकों में हर वर्ग और तबके के लोग हैं। इनमें इंजीनियर, डाक्टर और एमबीए डिग्री धारी है। बाबा का साथ देने के लिए पानीपत की एमबीए छात्रा अनीता शर्मा भी आई हैं तो मॉस कम्यूनिकेशन की छात्रा सुषमा मलिक भी। कन्नौज से 15 एमबीए छात्र एक दल बनाकर आए हैं।
Thursday, June 2, 2011
मीडिया कर्मियों को श्री तिवारी से मिले बगैर ही लौटना पड़ा
आंध्र प्रदेश के पूर्व राज्यपाल और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री वयोवृद्ध कांग्रेसी नेता नारायण दत्त तिवारी डीएनए टेस्ट प्रकरण के संबंध में बुधवार को नई दिल्ली रवाना नहीं हुए। श्री तिवारी का हालचाल जानने को उनके आवास पर आज मीडिया कर्मियों का जमावड़ा रहा, लेकिन अमूमन जनता से रुबरु होने से गुरेज नहीं करने वाले श्री तिवारी किसी से नहीं मिले।
श्री तिवारी को अदालत के आदेश के तहत डीएनए टेस्ट के लिए बुधवार को नई दिल्ली जाना था। उनके रवाना नहीं होने की जानकारी मिलने पर मीडिया कर्मी उनके आवास पहुंचे, लेकिन उन्हें श्री तिवारी से मुलाकात नहीं करने दिया गया। उनके ओएसडी संजय जोशी ने श्री तिवारी के खराब स्वास्थ्य का हवाला दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि डीएनए टेस्ट के लिए नई दिल्ली जाने के संबंध में पूर्व मुख्यमंत्री की ओर से अदालत में याचिका दाखिल की गई है। उन्होंने कहा कि इस याचिका पर अदालत का निर्देश मिलने का इंतजार किया जा रहा है। निर्देश मिलते ही उसका अनुपालन किया जाएगा। मीडिया कर्मियों को श्री तिवारी से मिले बगैर ही लौटना पड़ा।
जनगणना के कार्य में लगाए गए शिक्षकों का उपार्जित अवकाश स्वीकृत
ज्योति शाह का चयन राष्ट्रीय प्रशिक्षक के रूप में
काशीपुर : भारतीय खेल प्राधिकरण की टेबिल टेनिस कोच ज्योति शाह का चयन राष्ट्रीय प्रशिक्षक के रूप में हुआ है।
ज्योति शाह तीन से छब्बीस जून तक इंदौर में भारतीय टेबिल टेनिस महासंघ द्वारा आयोजित जूनियर कोचिंग कैंप में प्रशिक्षण देंगी। वह उत्तराखंड की पहली कोच हैं जो राष्ट्रीय टीम को प्रशिक्षण देंगी। ज्योति शाह प्रदेश की पहली अंतर्राष्ट्रीय अंपायर भी हैं जो विभिन्न अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका निभा चुकी हैं।Wednesday, June 1, 2011
रूद्रपुर-त्रिवेन्द्र सिंह रावत 4 जून को जनपद भ्रमण पर
Tuesday, May 31, 2011
जसपुर-नकली नोट चलाने का प्रयास
जसपुर : पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर नकली नोटों के साथ एक युवक को धर दबोचा। पुलिस को अब नकली नोटों को इधर से उधर करने में लिप्त युवक के अन्य साथियों की तलाश है।
निवारमुंडी निवासी नईम सोमवार को धर्मकांटा चौक पर नकली नोट चलाने का प्रयास कर रहा था। इस बीच मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे एक हजार के 15 नकली नोटों के साथ दबोच लिया। एसएसआइ धीरेन्द्र कुमार ने बताया कि नईम मुरादाबाद से नकली नोट चलाने के लिए यहां लाया था। पूछताछ में उसने अपने कुछ साथियों के नाम भी बताएं हैं। पुलिस उसके साथियों की तलाश में जुट गई है।
काशीपुर : लेखपाल विगत 5 अप्रैल से अनिश्चित कालीन आंदोलन पर
काशीपुर : वेतनमान उच्चीकृत किए जाने समेत 13 सूत्रीय मांगों को लेकर चलाया जा रहा उत्तराखंड लेखपाल संघ का धरना 56 वें दिन भी जारी रहा। इस दौरान
13 सूत्रीय मांगों के निस्तारण के लिए प्रदेश के मैदानी तहसीलों के लेखपाल विगत 5 अप्रैल से अनिश्चित कालीन आंदोलन पर हैं। इस कारण तहसील में स्थाई, जाति प्रमाण पत्र के साथ ही दाखिल खारिज आदि के मामलों का निस्तारण न होने पर जनता त्रस्त हैं। सोमवार को तहसील परिसर में संघ ने आंदोलन तेज करते हुए प्रांतीय कार्यकारिणी के निर्देश पर पांच लेखपाल क्रमिक उपवास पर बैठे। साथ ही मांगों का निस्तारण न होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी। इस मौके पर राजीव कुमार, दिलशाद हुसैन, रामकुमार, उदयवीर सिंह, भागमल, नबाब अली, राम सिंह, राजेंद्र सिंह, डालचंद, लेखराज सिंह, प्रेम सिंह, अब्बास अली, नंदप्रकाश आदि मौजूद थे।
सितारगंज : लेखपालों व मैदानी राजस्व निरीक्षकों को पर्वतीय क्षेत्र की भांति वेतन व भत्तों की मांग को लेकर लेखपालों की बेमियादी हड़ताल 56वें दिन भी जारी रही। मंगलवार से पटवारी क्रमिक अनशन शुरू करेंगे। पटवारियों ने लेखपाल संघ के प्रांतीय महामंत्री राधेश्याम पैन्यूली की तरफ से तहसीलदार विवेक प्रकाश को ज्ञापन सौंपा।Sunday, May 29, 2011
महिलाओं को सिखाए स्वरोजगार के गुर
कोटाबाग ब्लाक में अनुसूचित जाति विकास समिति द्वारा गठित स्वयं सहायता महिला समूहों के बचत शिविर को सम्बोधित करते हुये उद्यान विभाग के एडीओ खुशाल सिंह मनराल ने मौसमी फल सब्जियों के माध्यम से निर्मित विभिन्न उत्पादों की जानकारी दी। खंड विकास अधिकारी कोटाबाग अजय सिंह द्वारा महिला स्वरोजगार के तहत कम लागत में अधिक लाभ अर्जित करने के लिये राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न लाभकारी योजनाओं की जानकारी दी । शिविर का संचालन समिति के सचिव एमसी बुढ़लाकोटी ने किया। इस अंवसर पर सहायक विकास अधिकारी कोटाबाग, अनुसूचित जाति विकास समिति के उपाध्यक्ष पीपी कोटिया , मान सिंह कपकोटी, मिनी बैंक प्रभारी सोबन सिंह, महेन्द्र सिंह विद्याधर चबडाल सहित अनेक वक्ताओं ने अपने विचार रखे।










