Movie Download

Ghaur Bati Search

image ad

Chitika

Wednesday, January 26, 2011

पर्यावरण को समर्पित किया जीवन

http://garhwalbati.blogspot.com
नाम- चक्रधर तिवार, उम्र- 68 वर्ष, पता-किसी भी समय गोपेश्वर में सड़क किनारे पौधों की रोपाई अथवा निराई करते मिल जाएंगे। ये उस शख्स का परिचय है, जिसने अपने जीवन का अंतिम पड़ाव पर्यावरण संरक्षण के लिए समर्पित कर रखा है। इस सफर की शुरुआत उन्होंने अकेले ही की, पर आज भी एकला चलो रे की तर्ज पर बिना किसी हमसफर के वे अपने जुनून में मस्त हैं। अब तक सड़क किनारे वे सैकड़ों वृक्षों का रोपण कर चुके हैं। हालांकि, उनके जज्बे और जु़नून को न तो पहचान मिल सकी न सम्मान। बावजूद इसके चक्रधर तिवारी अपना अभियान जारी रखे हुए हैं। इतना ही नहीं आज उनके पसीने से सींचे गए 14 जंगल जवान होकर लहलहा रहे हैं।
चमोली जनपद के टंगसा गाव निवासी चक्रधर तिवारी ने अपना जीवन पर्यावरण को समर्पित कर रखा है। उनमें बचपन से समाज सेवा व पर्यावरण संरक्षण की ललक थी। लिहाजा स्कूल में किसी भी राष्ट्रीय त्योहार के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में वे भाषण के दौरान श्रोताओं को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना नहीं भूलते थे। जब भी श्री तिवारी को मौका मिलता तो वह एक नई पौध जरूर रोपते थे। महज 22 वर्ष की उम्र में वह एक संस्था से जुड़ गए और शराब के खिलाफ आंदोलन के साथ-साथ उन्होंने पर्यावरण के प्रति जागरुकता अभियान भी चलाया। उनके अभियान को मंजिल मिलती तब दिखाई दी, जब वे अपने गांव टंगसा के ग्रामप्रधान निर्वाचित हुए। सिरौं, टंगसा व कठूड़ तीनों राजस्व गांवों के ग्रामीणों को जागरुक कर उन्होंने आस पास के क्षेत्र में छोटे-छोटे 14 मानवकृत वनों को विकसित करने में सफलता हासिल की। पहले खेती बाड़ी कर वह अपना गुजारा कर लेते थे। आयु अधिक होने पर जब शरीर की साम‌र्थ्य कम होने लगी तो वर्ष 2007 में श्री तिवारी ने सोचा कि जिला मुख्यालय गोपेश्वर में सेवानिवृत्त कर्मचारियों का संगठन बनाकर सड़क के किनारे वृक्षारोपण किया जाए, लेकिन उन्हें अफसोस है कि एक सेवानिवृत्त फौजी राजेन्द्र सिंह नेगी के अलावा कोई अन्य व्यक्ति उनकी इस सोच का साथी नहीं बना। फिर भी हौसला रखते हुए उन्होंने राजेन्द्र सिंह के साथ गोपेश्वर में मिशन शुरू किया। इनके रोपे 630 वृक्ष तेजी से फलफूल रहे हैं। उनका कहना है कि पौध रोपण के बाद उनकी देखरेख व सुरक्षा करना एक बड़ी जिम्मेदारी है। शायद यही वजह है कि वो अपने पैसों से पानी का टैंकर मंगवाकर रोपे गए पौधों की सिंचाई करते हैं।
गणतंत्र दिवस पर तिवारी होंगे सम्मानित
गोपेश्वर: जिला प्रशासन ने पर्यावरण प्रेमी चक्रधर तिवारी को गणतंत्र दिवस के दिन सम्मानित करने का निर्णय लिया है। जिलाधिकारी डॉ. पीएस गुसाई ने बताया कि गणतंत्र दिवस की तैयारियों को लेकर हाल ही में आयोजित हुई बैठक में श्री तिवारी को सम्मानित करने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया है।
in.jagran.yahoo.com se sabhar

No comments:

Post a Comment

thank for connect to garhwali bati

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...